सब-हेडलाइन: 13 करोड़ का मरम्मत फंड मिलने के बावजूद धरातल पर काम ठप। मई 2023 से गाड़ियों की आवाजाही बंद होने से व्यापार चौपट, समय पर अस्पताल न पहुंच पाने से जा रही मरीजों की जान।
डेहरी-ऑन-सोन: शहर की लाइफलाइन माने जाने वाले मकराईन-पाली रेलवे ओवर ब्रिज (ROB) का निर्माण और मरम्मत कार्य रेलवे की घोर लापरवाही का शिकार हो गया है। मई 2023 से गाड़ियों की आवाजाही के लिए पूरी तरह बंद इस पुल के कारण डेहरी की जनता त्रस्त है। इसी मुद्दे को लेकर अब ‘टीम डेहरीयंस’ ने आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है और महाप्रबंधक (हाजीपुर) तथा डीआरएम (डीडीयू) को अल्टीमेटम देते हुए बड़े जन-आंदोलन की चेतावनी दी है।

जन आक्रोश के RTI में खुलासा: 99 साल थी पुल की अनुमानित आयु
इस पूरे मामले में एक बेहद चौंकाने वाला तथ्य भी है। जन आक्रोश के संस्थापक मो. दिलशाद आलम द्वारा पूर्व में आरटीआई (RTI) के माध्यम से पूछे गए एक प्रश्न के उत्तर में रेलवे ने इस पुल की अनुमानित आयु लगभग 99 वर्ष आंकी थी। लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि यह पुल लगभग 10 साल भी ठीक से नहीं चल सका और जर्जर होने के कारण इसे बंद करना पड़ा। करोड़ों की लागत से बने इस पुल का इतनी जल्दी जर्जर होना इसके निर्माण की गुणवत्ता पर एक बहुत बड़ा सवालिया निशान खड़ा करता है।
नई डेडलाइन भी फेल होने के कगार पर
इधर, टीम डेहरीयंस ने बताया कि पुल की मरम्मत के लिए सितंबर 2024 में 13 करोड़ रुपये का फंड मिला था, जिसका लक्ष्य सितंबर 2025 तक काम पूरा करना था। जब काम नहीं हुआ, तो टीम द्वारा हाल ही में प्राप्त एक अन्य आरटीआई जवाब में रेलवे ने बताया है कि 31 मार्च 2026 तक पुल को हर हाल में चालू कर दिया जाएगा। टीम के सदस्यों का कहना है कि मौके पर काम की गति देखकर यह बिल्कुल नहीं लगता कि रेलवे इस नई डेडलाइन तक भी काम पूरा कर पाएगा। यह अधिकारियों की स्पष्ट नाकामी है।
व्यापार बर्बाद, जा रही मरीजों की जान
टीम डेहरीयंस ने इस मुद्दे के मानवीय पहलू को उठाते हुए बताया कि पुल के बंद रहने से डेहरी शहर का व्यापार पूरी तरह से चौपट हो गया है। ट्रैफिक और जाम की समस्या के कारण सैकड़ों मरीज समय पर डेहरी के अस्पतालों तक नहीं पहुंच पाए, जिसके परिणामस्वरूप उनकी जान चली गई।

अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग
टीम डेहरीयंस ने रेलवे के आला अधिकारियों से इस मामले में अविलंब संज्ञान लेने और पुल की मरम्मत में हो रही लेटलतीफी के लिए जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है। चेतावनी दी गई है कि यदि जल्द ही काम में तेजी नहीं लाई गई, तो सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन किया जाएगा।
इस दौरान मुख्य रूप से टीम डेहरीयंस के संस्थापक सह अध्यक्ष चंदन कुमार, संयोजक आर.के. सिंह, अमित कुमार, संतोष सिंह, राजन गुप्ता, धनंजय कुमार, बिट्टू गुप्ता, रवि कुमार, आयुष कुमार, आशीष कुमार, सुमित कुमार, गौतम कुमार कुंडू, अमित सोनी समेत कई अन्य सदस्य उपस्थित थे।
हमारी पत्रकारिता को Support करने के लिए नीचे दिये Social Media icon पर क्लिक कर हमें Follow करें।