डेहरी के विकास और सौंदर्यीकरण के लिए ‘टीम डेहरीयंस’ ने उठाई आवाज़, SDO और नगर परिषद को सौंपा मांग पत्र

डेहरी ऑन सोन: डेहरी शहर को जाम से मुक्ति दिलाने, बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और इसके सौंदर्यीकरण को लेकर ‘टीम डेहरीयंस’ ने एक बार फिर प्रशासनिक महकमे का ध्यान आकृष्ट कराया है। सोमवार, 2 मार्च 2026 को संस्था के संस्थापक सह अध्यक्ष चन्दन कुमार ने शहर की अहम जरूरतों को लेकर अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) और नगर परिषद की मुख्य पार्षद को अलग-अलग मांग पत्र सौंपा है।

गौरतलब है कि मुख्य पार्षद (मेयर) को संबोधित यह महत्वपूर्ण ज्ञापन नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी (Executive Officer) के माध्यम से सौंपा गया है।

डेहरी का दायरा बड़ा, पर सुविधाएं नदारद SDO को सौंपे गए ज्ञापन में टीम डेहरीयंस ने इस बात पर जोर दिया है कि क्षेत्रफल के हिसाब से डेहरी बिहार का 11वां और जनसंख्या के दृष्टिकोण से 18वां सबसे बड़ा शहर है। यह बिहार के 21 जिला मुख्यालयों से भी बड़ा है, लेकिन यहाँ सुविधाओं का घोर अभाव है।

SDO से की गई प्रमुख मांगें:

  • ट्रैफिक और पार्किंग: शहर के प्रमुख चौराहों (एकता चौक, चुन्ना भट्ठा, पाली, कर्पूरी चौक आदि) पर ट्रैफिक सिग्नल और पाली रोड, स्टेशन रोड सहित मुख्य स्थानों पर मल्टी-लेवल कार पार्किंग सिस्टम लगाया जाए।
  • अतिक्रमण और सफाई: एनिकट और चित्रगुप्त मैदान में वर्षों से जब्त पड़े ट्रकों की नीलामी कर उस जगह को साफ किया जाए।
  • सोन ड्राइव: पाली पुल से इंद्रपुरी बराज तक प्रस्तावित ‘सोन ड्राइव’ का दायरा बढ़ाकर इसे नासरीगंज से नौहट्टा तक किया जाए।
  • शिक्षा और खेल: डेहरी अनुमंडल के एकमात्र महिला महाविद्यालय में विज्ञान (Science) और वाणिज्य (Commerce) संकाय की पढ़ाई शुरू हो और इंडोर स्टेडियम का निर्माण जल्द पूरा किया जाए।

नगर परिषद से सौंदर्यीकरण और बुनियादी सुविधाओं की मांग कार्यपालक पदाधिकारी के माध्यम से मुख्य पार्षद को सौंपे गए मांग पत्र में याद दिलाया गया है कि डेहरी ने शाहाबाद और मगध प्रमंडल में सबसे ज्यादा टैक्स दिया है, इसलिए इसके विकास में कोताही नहीं होनी चाहिए।

नगर परिषद से की गई प्रमुख मांगें:

  • सफाई और ड्रेनेज: शहर के ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त किया जाए और स्टेशन रोड में नाले का निर्माण हो।
  • जन-सुविधाएं: पाली रोड, मुख्य बाजार, बाबूगंज जैसी भीड़भाड़ वाली जगहों पर सार्वजनिक डीलक्स शौचालय बनाए जाएं। सभी वार्डों में सीसीटीवी, स्ट्रीट लाइट और पीने के पानी की व्यवस्था हो।
  • पर्यटन व सौंदर्यीकरण: एनिकट को पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जाए, प्रस्तावित मकराइन और एनिकट पार्कों का निर्माण हो तथा नगर भवन का जीर्णोद्धार व सौंदर्यीकरण जल्द किया जाए।
  • शवदाह गृह: एनिकट और पाली में विद्युत शवदाह गृह (Electric Crematorium) का निर्माण जल्द पूरा हो।
  • सुव्यवस्थित शहर: रिंग रोड का निर्माण हो तथा वेंडर और पार्किंग जोन अलग से तय किए जाएं ताकि शहर व्यवस्थित दिखे।

‘टीम डेहरीयंस’ की इन मांगों ने शहरवासियों की उन रोज़मर्रा की परेशानियों को आवाज़ दी है, जिनसे डेहरी का हर आम नागरिक जूझ रहा है। अब देखना यह है कि अनुमंडल और नगर परिषद प्रशासन इन गंभीर मांगों पर कितनी तत्परता से काम शुरू करता है।

Leave a Reply