डेहरी: ‘दो बच्चों’ वाले नियम ने छीनी वार्ड 19 और 20 के पार्षदों की कुर्सी, चुनाव आयोग ने की सदस्यता रद्द

डेहरी-ऑन-सोन (जन आक्रोश रिपोर्ट): डेहरी-डालमियानगर नगर परिषद क्षेत्र में वार्ड 19 और 20 के पार्षदों की बर्खास्तगी को लेकर चल रहे तमाम कयासों पर अब विराम लग गया है। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा इन दोनों वार्डों को रिक्त घोषित कर उप-चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। जन आक्रोश के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस बड़ी और सख्त कार्रवाई की असली वजह ‘दो से अधिक बच्चे’ होना है।

सूत्रों ने बताया कि वार्ड 19 की पार्षद अनीता देवी और वार्ड 20 के पार्षद समीर आलम को बिहार नगरपालिका चुनाव के ‘दो बच्चों’ वाले नियम का उल्लंघन करने के आरोप में राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा अयोग्य करार देते हुए बर्खास्त किया गया है।

क्या कहता है बिहार सरकार का नियम?

बिहार में शहरी निकायों (नगर निगम, नगर परिषद और नगर पंचायत) के चुनाव के लिए बिहार नगरपालिका अधिनियम, 2007 लागू है। इस कानून की धारा 18(1)(m) के तहत एक बेहद सख्त प्रावधान है। इस नियम के अनुसार, यदि किसी व्यक्ति के दो से अधिक जीवित बच्चे हैं, तो वह नगरपालिका चुनाव लड़ने के लिए अयोग्य माना जाएगा। इस नियम में एक ‘कट-ऑफ डेट’ (4 अप्रैल 2008) निर्धारित की गई थी। यानी, अगर किसी व्यक्ति का तीसरा बच्चा 4 अप्रैल 2008 के बाद पैदा हुआ है, तो वह चुनाव नहीं लड़ सकता। यदि चुनाव जीतने के बाद भी किसी शिकायत या जांच में यह साबित हो जाता है कि पार्षद के कट-ऑफ डेट के बाद दो से अधिक बच्चे हुए हैं, तो चुनाव आयोग उसकी सदस्यता तुरंत प्रभाव से रद्द कर देता है। सूत्रों के अनुसार, इन्हीं नियमों के उल्लंघन की शिकायतों पर जांच के बाद आयोग ने डेहरी के इन दोनों पार्षदों पर यह कार्रवाई की है।

पार्षदों ने नहीं रखा अपना आधिकारिक पक्ष

‘जन आक्रोश’ ने एक जिम्मेदार मीडिया पोर्टल होने के नाते इस पूरी कार्रवाई पर वार्ड 19 की पूर्व पार्षद अनीता देवी और वार्ड 20 के पूर्व पार्षद समीर आलम से संपर्क किया था। हमने उनसे इन आरोपों पर उनका आधिकारिक और लिखित पक्ष मांगा था, ताकि जनता के सामने उनका रुख भी स्पष्ट हो सके। हालांकि, दोनों ही पूर्व पार्षदों ने खबर लिखे जाने तक अपना कोई आधिकारिक पक्ष या जवाब हमारे सामने नहीं रखा।

उप-चुनाव की बज चुकी है रणभेरी

इन दोनों पार्षदों की कुर्सी जाने के बाद, राज्य निर्वाचन आयोग ने रिक्त हुए वार्ड 19 और 20 में उप-चुनाव कराने की प्रक्रिया तेज कर दी है। इसके तहत 15 अप्रैल 2026 को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन होगा और 15 अप्रैल से 28 अप्रैल 2026 तक दावों और आपत्तियों का निपटारा किया जाएगा। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 13 मई 2026 को किया जाएगा, जिसके बाद जल्द ही मतदान की तारीखों का ऐलान होने की उम्मीद है।

खबरों से जुड़े रहने के लिए नीचे दिये Social Media Icons पर क्लिक कर हमें Follow करें:

Leave a Reply