‘टीम डेहरीयंस’ ने जिलाधिकारी से पूछा: 24 जिला मुख्यालयों से बड़े शहर डेहरी की अनदेखी क्यों?

बिहार के लगभग 2 दर्जन जिला मुख्यालयों से बड़े शहर डेहरी-ऑन-सोन में मूलभूत सुविधाओं और प्रशासनिक सुस्ती को लेकर ‘टीम डेहरीयंस’ के संस्थापकों ने जिलाधिकारी से मुलाकात की। उन्होंने डेहरी में DM कैंप कार्यालय, सोन ड्राइव, ट्रैफिक सिग्नल और सार्वजनिक शौचालयों के निर्माण सहित शहर के विकास के लिए 10 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा है।

जन आक्रोश मीडिया | डेहरी ऑन सोन

रोहतास जिले का प्रमुख वाणिज्यिक केंद्र और बिहार के लगभग 2 दर्जन जिला मुख्यालयों से बड़ा शहर होने के बावजूद, डेहरी ऑन सोन आज भी कई मूलभूत प्रशासनिक और ढांचागत सुविधाओं से वंचित है। शहर की इस दुर्दशा और जाम जैसी विकराल समस्याओं को लेकर क्षेत्र की प्रमुख सामाजिक संस्था ‘टीम डेहरीयंस’ (Team Dehrians) ने मोर्चा खोल दिया है।

संस्था के संस्थापक सह अध्यक्ष चन्दन कुमार और रवि कुमार ने जिलाधिकारी से उनके कार्यालय में शिष्टाचार मुलाकात की और उन्हें ‘राधे-राधे’ लिखा अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया। इसके पश्चात उन्होंने शहर के ज्वलंत मुद्दों और विकास कार्यों को लेकर एक विस्तृत मांग पत्र जिलाधिकारी को सौंपा।

डेहरी में DM कैंप कार्यालय की उठी पुरजोर मांग
टीम डेहरीयंस ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार ही डेहरी आयोजन क्षेत्र की जनसंख्या 3,45,179 थी। इतना बड़ा शहर होने के बावजूद यहाँ प्रशासनिक कार्यों में देरी होती है। संस्था ने मांग की है कि डेहरी में जिलाधिकारी का कैम्प कार्यालय (DM Camp Office) खोला जाए और यहाँ सप्ताह में कम से कम 2 दिन जिलाधिकारी के बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि आम जनमानस की समस्याओं का त्वरित निवारण हो सके।

जाम से कराहता डेहरी: ट्रैफिक सिग्नल और पार्किंग की दरकार
शहर में जाम की समस्या इतनी भयावह हो चुकी है कि लोग अपनी निजी गाड़ियों से मुख्य बाजार में खरीदारी करने तक नहीं जा सकते। इसके समाधान के लिए टीम ने निम्नलिखित मांगें रखी हैं:

  • ट्रैफिक सिग्नल: शहर के एकता चौक, चुन्ना भट्टा, पाली पुल, कर्पूरी चौक, रामारानी चौक, अम्बेडकर चौक और तार बंगला चौक पर जल्द से जल्द ट्रैफिक सिग्नल लगाए जाएं।
  • सड़क चौड़ीकरण: मुख्य बाजार, जयहिंद सिनेमा रोड, पाली रोड और स्टेशन रोड का प्रस्तावित चौड़ीकरण कार्य अविलंब शुरू किया जाए।
  • पार्किंग और वेंडर जोन: शहर में सुव्यवस्थित वेंडर जोन और मल्टी-लेवल कार पार्किंग (Multi-level Car Parking) का निर्माण हो।

महिलाओं की परेशानी और जनसुविधाओं का अभाव
शहर के प्रमुख व्यावसायिक इलाकों में सार्वजनिक शौचालयों के न होने से महिलाओं को भारी फजीहत का सामना करना पड़ता है। इसे संज्ञान में लेते हुए टीम डेहरीयंस ने बाबुगंज, पाली रोड, कैनाल रोड, जयहिंद सिनेमा रोड, बीएमपी, मोहन बिगहा, पुरानी जीटी रोड और कचौड़ी गली में प्राथमिकता के आधार पर महिलाओं और आमजनों के लिए शौचालय निर्माण की मांग की है।

सांस्कृतिक धरोहर और अन्य विकास कार्यों पर जोर
प्रतिनिधिमंडल ने शहर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहरों की बदहाली पर भी डीएम का ध्यान आकृष्ट कराया:

  1. झारखण्डी महादेव मंदिर: 3000 साल पुराने इस ऐतिहासिक मंदिर का अविलंब जीर्णोद्धार किया जाए।
  2. अब्दुल क़्यूम अंसारी नगर भवन: बिहार के दूसरे सबसे बड़े नगर भवन के रूप में विख्यात इस भवन की मरम्मत का कार्य अटका हुआ है, जिसे जल्द पूरा किया जाए।
  3. सोन ड्राइव (Son Drive): राष्ट्रीय राजमार्ग 19 के निकट सोन नदी के किनारे ‘सोन ड्राइव’ का निर्माण हो। दक्षिण में इंद्रपुरी बराज से पाली कुटिया तक और उत्तर में पाली से दरीहट तक इसका निर्माण हो, जिससे शहर को कटाव से मुक्ति मिले और एक बेहतरीन वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध हो।
  4. विद्युत शवदाह गृह: पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए पाली और एनिकट श्मशान घाट पर विद्युत शवदाह गृह का निर्माण किया जाए।

जिलाधिकारी ने टीम डेहरीयंस की इन सभी मांगों को गंभीरता से सुना है। अब देखना यह है कि जिला प्रशासन इन जनहित के मुद्दों पर कितनी जल्दी धरातल पर कार्रवाई करता है।

One thought on “‘टीम डेहरीयंस’ ने जिलाधिकारी से पूछा: 24 जिला मुख्यालयों से बड़े शहर डेहरी की अनदेखी क्यों?”

Leave a Reply