डेहरी में सियासी तपिश, ‘टीम डेहरीयंस’ ने भी किया उम्मीदवार उतारने का ऐलान

“अबकी बार, ईमानदार और शिक्षित पार्षद” के संकल्प के साथ टीम डेहरीयंस रविवार को तय करेगी रणनीति; सामाजिक संगठनों ने अभी से बिछानी शुरू की बिसात।

डेहरी ऑन सोन | जन आक्रोश मीडिया

डेहरी-डालमियानगर में अगले नगर निकाय चुनाव भले ही 2027 के अंत में प्रस्तावित हों, लेकिन शहर की राजनीतिक फिजां अभी से गरमाने लगी है। पारंपरिक राजनीतिक दलों और पुराने चेहरों को चुनौती देने के लिए अब शहर के प्रमुख सामाजिक संगठन सीधे चुनावी अखाड़े में उतरने लगे हैं। अभिषेक सांकृत की संस्था ‘डायल डेहरी’ द्वारा युवाओं से चुनाव लड़ने की अपील के ठीक बाद, अब डेहरी के एक और सशक्त सामाजिक संगठन ‘टीम डेहरीयंस’ ने भी आगामी नगर निकाय चुनाव में अपने समर्थित वार्ड पार्षद उम्मीदवार खड़े करने की आधिकारिक घोषणा कर दी है।

चुनाव से सवा साल पहले ही बिछने लगी बिसात
वर्तमान नगर परिषद का कार्यकाल दिसंबर 2027 तक का है, लेकिन सवा साल पहले ही चुनावी तैयारियों के शुरू होने के पीछे मुख्य उद्देश्य एक मजबूत, ईमानदार और पारदर्शी विकल्प तैयार करना है। टीम डेहरीयंस जैसी संस्थाओं ने अभी से अपनी राजनीतिक जमीन और रणनीति तैयार करनी शुरू कर दी है, ताकि चुनाव आने तक उनके पास वार्ड स्तर पर कर्मठ और साफ-सुथरी छवि वाले उम्मीदवारों की एक मजबूत टीम तैयार रहे।

टीम डेहरीयंस का संकल्प: “अबकी बार, ईमानदार और शिक्षित पार्षद”
टीम डेहरीयंस ने इस बार के चुनाव के लिए स्पष्ट नारा दिया है— “अबकी बार, ईमानदार और शिक्षित पार्षद”। संस्था का मुख्य उद्देश्य केवल चुनाव लड़ना नहीं है, बल्कि डेहरी के विकास के लिए ऐसे प्रतिनिधियों को चुनकर लाना है, जो पढ़े-लिखे, ईमानदार, कर्मठ और जनता के बीच सक्रिय हों। संस्था ने नारा दिया है कि “हर वार्ड में ऐसा प्रतिनिधि हो, जो वार्ड को अपना परिवार समझकर काम करे।”

उम्मीदवार चयन के क्या होंगे आधार?
टीम डेहरीयंस ने वार्ड पार्षदों के समर्थन के लिए कुछ कड़े मानक तय किए हैं। उम्मीदवार के पास अच्छी शैक्षणिक योग्यता, साफ और ईमानदार छवि, वार्ड की समस्याओं की गहरी समझ, विकास की स्पष्ट सोच और जनता की आवाज उठाने का साहस होना अनिवार्य है। साथ ही, जनता के लिए हमेशा उपलब्ध रहने की प्रतिबद्धता को भी प्राथमिकता दी जाएगी।

रविवार को वर्चुअल मीटिंग में तय होगी 10-15 वार्डों की रूपरेखा
संस्था की रणनीति के तहत, बिहार राज्य निर्वाचन आयोग के नियमों के अनुरूप डेहरी के सभी वार्डों की सूची बनाकर उनमें से 10–15 संभावित वार्डों को चिन्हित किया जाएगा। उम्मीदवार की योग्यता, सामाजिक पकड़ और वर्तमान आरक्षण की स्थिति के आधार पर “टीम डेहरीयंस वार्ड उम्मीदवार चयन योजना” तैयार की जा रही है। इसका शीर्षक “टीम डेहरीयंस का चुनावी संकल्प – डेहरी बदलेगा, ईमानदार नेतृत्व के साथ” रखा गया है। इस पूरी रणनीति को अंतिम रूप देने के लिए आगामी रविवार को एक अहम वर्चुअल मीटिंग बुलाई गई है।

ये भी पढ़ें: नई जमीन तैयार कर रहा ‘Dial Dehri’: ईमानदार युवाओं को चुनावी मैदान में उतारने की तैयारी

इन प्रमुख चेहरों ने भरी हुंकार
इस महत्वपूर्ण घोषणा के मौके पर टीम डेहरीयंस के संस्थापक सह अध्यक्ष चन्दन कुमार के साथ आर के सिंह, अमित कुमार, गौतम कुमार कुंडू, लाल बहादुर सिंह, संतोष कुमार, आयुष कुमार, सुमित कुमार, रवि कुमार, राजन गुप्ता, बिट्टू गुप्ता, धनंजय कुमार, अमित सोनी, मिन्टू गुप्ता, दिलशाद आलम, विक्रम मिश्रा, अंकित सिंह, पताली यादव, औरंगजेब खान, बालाजी, विनय गुप्ता, माधव यादव, आशीष सोनी, जीतेन्द्र यादव, गोविन्द गुप्ता, विपुल राज, सुनील कुमार, शक्ति गुप्ता, राज कुमार सिंह और प्रवीण शर्मा सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे और इस कदम को डेहरी के भविष्य के लिए जरूरी बताया।

बदलेगा डेहरी का राजनीतिक समीकरण?
जिस तरह से पहले ‘डायल डेहरी’ ने ‘परिवर्तनवाहक’ अभियान के जरिए जमीनी स्तर पर डेटाबेस तैयार कर युवाओं को आगे आने का मंच दिया, और अब ‘टीम डेहरीयंस’ ने अपने चुनिंदा उम्मीदवार उतारने का ऐलान किया है, उसने डेहरी के स्थापित राजनीतिक समीकरणों में हलचल पैदा कर दी है। युवाओं और सामाजिक संगठनों की इस लामबंदी से आगामी चुनाव बेहद दिलचस्प होने वाले हैं।

Leave a Reply