डेहरी ऑन सोन: बिहार सरकार की हालिया कैबिनेट बैठक में रोहतास जिले के डेहरी को 12वें ‘ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप‘ के रूप में विकसित करने की ऐतिहासिक मंज़ूरी दे दी गई है। यह खबर डेहरी वासियों के लिए किसी बड़े उत्सव से कम नहीं है। लेकिन, सत्ता के गलियारों से निकला यह फैसला रातों-रात लिया गया कोई सामान्य प्रशासनिक कदम नहीं है। इसके पीछे डेहरी के युवाओं, ‘टीम डेहरीयंस’ के अटूट ज़मीनी संघर्ष, संबंधित विभागों से लगातार किए गए पत्राचार और एक मज़बूत डिजिटल जन-आंदोलन की गाथा छिपी है।
यह जीत इस बात का प्रमाण है कि जब आम जनता, सामाजिक संगठन और स्थानीय जनप्रतिनिधि एकजुट होकर अपने हक की आवाज़ उठाते हैं, तो सरकार को भी अपने फैसले बदलने पड़ते हैं।
जब 11 शहरों की सूची से डेहरी था गायब (नवंबर 2025 का वह दिन)
कहानी की शुरुआत 25 नवंबर 2025 को होती है। उस दिन तत्कालीन नगर विकास मंत्री नितिन नवीन ने बिहार में आधुनिक शहरी विकास की पहल के तहत 11 नए सैटेलाइट/ग्रीनफील्ड टाउनशिप के विकास को सैद्धांतिक स्वीकृति दी थी। इस सूची में पटना, मुजफ्फरपुर, भागलपुर और गया जैसे शहर शामिल थे, लेकिन ‘मिनी कानपुर’ कहे जाने वाले ऐतिहासिक औद्योगिक शहर ‘डेहरी’ का नाम इस फेहरिस्त से गायब था।
इस उपेक्षा ने डेहरी के जागरूक नागरिकों को झकझोर दिया। बिना समय गंवाए, सोशल मीडिया के माध्यम से सरकार से सवाल पूछने के साथ-साथ ज़मीनी स्तर पर कागज़ी कार्रवाई का सिलसिला शुरू हुआ। एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर ‘डेहरी के संघर्ष‘ और ‘टीम डेहरीयंस‘ जैसे हैंडल्स ने मोर्चा संभाला और सीधे नीति-निर्माताओं से पूछा— “डेहरी ऑन सोन इंडस्ट्रियल शहर के साथ इतना भेदभाव क्यों?”
भावुकता नहीं, ठोस तर्कों और पत्राचार से लड़ी गई लड़ाई
‘टीम डेहरीयंस’ की यह लड़ाई केवल सोशल मीडिया की आभासी दुनिया (डिजिटल) तक सीमित नहीं थी। टीम ने पूरी गंभीरता के साथ संबंधित विभागों, नगर विकास एवं आवास विभाग (UDHD) और मंत्रालयों को लगातार पत्र और साक्ष्य-आधारित ज्ञापन सौंपे।
29 नवंबर 2025 को ‘टीम डेहरीयंस’ ने सरकार और विभागीय मंत्रियों का ध्यान आकृष्ट करते हुए वो मास्टरस्ट्रोक चला जिसे कोई भी विकासशील सरकार नज़रअंदाज़ नहीं कर सकती थी। टीम ने अपने पत्राचार और सार्वजनिक मंचों पर ऐतिहासिक साक्ष्यों के साथ सरकार को याद दिलाया: “1933-84 के बीच दक्षिण बिहार में डेहरी ऑन सोन के डालमियानगर में एशिया का सबसे बड़ा उद्योग समूह था! यहाँ के टाउनशिप में आज भी हज़ारों फ्लैट्स हैं। अपना स्कूल, अस्पताल एवं अन्य सुविधा थी। यहाँ तो ज्यादा खर्च भी नहीं करना पड़ेगा।”
अन्य नागरिकों ने भी इस सुर में सुर मिलाते हुए 50 के दशक के उस आधुनिक टाउनशिप की याद दिलाई जो आज भी एक बेहतरीन बुनियादी ढांचे के रूप में मौजूद है। पत्रों और ज्ञापनों के ज़रिए भेजे गए इन तर्कों ने डेहरी को टाउनशिप बनाने की दावेदारी को सबसे मजबूत कर दिया।
जन-प्रतिनिधि और युवाओं का सफल समन्वय
सड़क से लेकर सचिवालय तक की इस लड़ाई को सदन तक पहुँचाने में डेहरी के वर्तमान विधायक श्री राजीव रंजन सिंह उर्फ सोनू सिंह की भूमिका भी निर्णायक रही। उन्होंने लगातार जनभावनाओं और टीम डेहरीयंस द्वारा तैयार किए गए इन तार्किक दस्तावेज़ों व ज्ञापनों को सरकार के पटल पर रखा, जिससे इस मांग को भारी राजनीतिक वजन मिला।
आज जब डेहरी 12वें टाउनशिप के रूप में कैबिनेट से स्वीकृत हो चुका है, तो ‘टीम डेहरीयंस’ के खेमे में जश्न का माहौल है। हाल ही में संपन्न हुई टीम की वर्चुअल मीटिंग में संस्थापक सह अध्यक्ष चन्दन कुमार, आर.के. सिंह, अमित कुमार, गौतम कुमार कुंडू, संतोष कुमार, सुमित कुमार, रवि कुमार, राजन गुप्ता, बिट्टू गुप्ता, धनंजय कुमार, अमित सोनी, मिन्टू गुप्ता, मो॰ दिलशाद आलम, विक्रम मिश्रा, औरंगजेब खान, बालाजी, विनय गुप्ता, माधव यादव, आशीष सोनी, जीतेन्द्र यादव, गोविन्द गुप्ता, राज कुमार सिंह सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने इस जीत का स्वागत किया। यह उन सभी कार्यकर्ताओं की जीत है जिन्होंने पत्राचार से लेकर ज़मीनी स्तर पर हर कदम पर इस मुहिम को ज़िंदा रखा।
अगली मंज़िल: डेहरी बने ज़िला
यह सैटेलाइट टाउनशिप डेहरी के भविष्य का केवल एक पड़ाव है, अंतिम मंज़िल नहीं। ‘जन आक्रोश मीडिया‘ भी लगातार इस मुद्दे को उठाता रहा है कि डेहरी को प्रशासनिक रूप से एक स्वतंत्र ज़िले का दर्जा मिलना चाहिए।
अब जब डेहरी में टाउनशिप का निर्माण शुरू होगा, चौड़ी सड़कें बनेंगी, सीवरेज सिस्टम सुधरेगा और बड़े प्रशासनिक भवनों का ढांचा खड़ा होगा, तो डेहरी को ज़िला और प्रमंडल बनाने की बहुप्रतीक्षित मांग तकनीकी और व्यावहारिक रूप से स्वयं ही सिद्ध हो जाएगी। एक नए, आधुनिक और आत्मनिर्भर डेहरी की नींव रखी जा चुकी है, और यहाँ के युवाओं का यह संघर्ष और कागज़ी दस्तावेज़ीकरण अब शहर के ‘विकास’ का सबसे बड़ा हथियार बन चुका है।