छः दिन में हुआ समाधान, नगर परिषद को धन्यवाद

डेहरी-डालमियानगर | जन आक्रोश मीडिया

शहर के जय हिन्द सिनेमा रोड पर सरदार बूटा सिंह के पास और बनारस बेकरी के सामने स्थित सार्वजनिक चापाकल आखिरकार लगभग छह महीने की लंबी अवधि के बाद पुनः क्रियाशील हो गया है। लंबे समय से खराब पड़े इस चापाकल के ठीक होने से राहगीरों, स्थानीय दुकानदारों और आम नागरिकों ने राहत की सांस ली है।

क्या थी समस्या?
यह सार्वजनिक चापाकल पिछले छह माह से अधिक समय से पूरी तरह खराब पड़ा था। पूर्व में आसपास के दुकानदारों द्वारा आपसी सहयोग और चंदे से इसकी मरम्मत करवाई जाती रही थी, लेकिन तकनीकी खराबी अधिक होने के कारण यह लंबे समय से बंद था, जिससे भीषण गर्मी और आवागमन के दौरान पानी के लिए लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।

सहयोग पोर्टल पर उठी थी आवाज और मिला त्वरित समाधान
मामले की गंभीरता को देखते हुए ‘जन आक्रोश मीडिया’ के माध्यम से सहयोग पोर्टल पर शिकायत (संदर्भ संख्या: REF608747) गत 20 जुलाई को दर्ज कराई गई थी। जनहित के इस मुद्दे पर संज्ञान लेते हुए नगर परिषद, डेहरी-डालमियानगर द्वारा मात्र छ: दिनों में उसपर भी रविवार (अवकाश के दिन) को भी विशेष श्रमदान और पहल करते हुए चापाकल की पूर्ण मरम्मत करवा दी गई।

यह भी पढ़ें: ‘लव आज कल’ स्टाइल में नगर परिषद का चमत्कार: 5 किमी की दूरी 300 मीटर में ‘फना’!

प्रशासन की सराहना और संतोष
नगर परिषद द्वारा की गई इस त्वरित कार्रवाई पर ‘जन आक्रोश मीडिया’ के संस्थापक एवं संपादक मो. दिलशाद आलम ने पूर्ण संतुष्टि व्यक्त की है। साथ ही, अवकाश के दिन भी प्रशासनिक टीम द्वारा दिखाए गए सक्रिय सहयोग और श्रम के लिए नगर परिषद का आभार प्रकट किया गया है। संस्था की ओर से यह विश्वास दिलाया गया है कि भविष्य में भी जन-सरोकार से जुड़े मुद्दों को इसी जिम्मेदारी के साथ प्रमुखता से उठाया जाता रहेगा ताकि क्षेत्र का विकास सुगम हो सके।

अपनी आवाज़ की ताकत दिखाएं
यह मामला इस बात का जीता-जागता उदाहरण है कि यदि किसी समस्या को सही मंच पर, सही और तथ्यात्मक ढंग से उठाया जाए, तो प्रशासन को भी उस पर संज्ञान लेना पड़ता है। क्षेत्र के विकास और जनसमस्याओं के समाधान में एक जागरूक नागरिक की भूमिका सबसे अहम होती है।

यदि आपके आसपास भी ऐसी कोई जनसमस्या है जिसका समाधान नहीं हो रहा है, तो आप भी आगे आएं और अपनी आवाज़ बुलंद करें। यदि आपको अपनी समस्या को सही मंच तक पहुँचाने या उसका आवेदन तैयार करने में किसी प्रकार की कठिनाई हो रही है, तो आप निश्चिंत होकर जन आक्रोश मीडिया से संपर्क कर सकते हैं। आप अपनी समस्या लिखकर या रिकॉर्ड करके हमारे WhatsApp नंबर – 9135650559 पर भेज सकते हैं, ताकि आपकी आवाज़ को उचित मंच तक पहुँचाकर उसका समाधान कराया जा सके।

Leave a Reply